छत्तीसगढ़ में डीजल-पेट्रोल की बढ़ती मांग और शॉर्टेज के बीच स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी कलेक्टरों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि 108 संजीवनी एक्सप्रेस, 102 महतारी एक्सप्रेस, 1099 मुक्तांजलि वाहन और पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये सभी वाहन अत्यावश्यक सेवाओं की श्रेणी में आते हैं। इनमें ईंधन आपूर्ति बाधित होने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सीधे प्रभावित हो सकती हैं। इसी कारण पेट्रोल पंप संचालकों और ऑयल कंपनियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने कहा गया है, ताकि किसी भी स्थिति में इन सेवाओं का संचालन प्रभावित न हो।
वहीं, डीजल शॉर्टेज का असर बिलासपुर में लोकल ट्रांसपोर्ट पर भी दिखाई देने लगा है। ट्रक, बस और मेटाडोर संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर बुधवार को ट्रक, बस और मेटाडोर एसोसिएशन के पदाधिकारी कलेक्टर से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराएंगे।
स्वास्थ्य संचालनालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 108 संजीवनी एक्सप्रेस सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, गंभीर बीमारी समेत मेडिकल इमरजेंसी में तत्काल सहायता पहुंचाती है। 102 महतारी एक्सप्रेस गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का काम करती है।
1099 मुक्तांजलि वाहन अंतिम संस्कार से जुड़ी सेवाओं में उपयोग किए जाते हैं। पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट दूरस्थ, विशेष क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाती है। ऐसे में इन वाहनों को समय पर ईंधन नहीं मिलने पर आम लोगों की जान बचाने वाली सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
पेट्रोल पंपों को तत्काल दें निर्देश कलेकटर
स्वास्थ्य संचालनालय के आयुक्त-सह-संचालक की ओर से जारी पत्र में सभी जिलों के कलेक्टरों से अपने-अपने जिले के पेट्रोल पंप संचालकों, ऑयल कंपनियों को तत्काल निर्देश जारी करने को कहा गया है, ताकि एंबुलेंस, मेडिकल वाहनों को रीफ्यूलिंग के दौरान प्राथमिकता मिल सके।
पत्र में जिक्र किया गया है कि कई जिलों में ईंधन की मांग अचानक बढ़ने से सामान्य उपभोक्ताओं के साथ आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए अलग प्राथमिकता तय करना जरूरी हो गया है।
बिलासपुर समेत कई जिलों में बढ़ी चिंता
पिछले दिनों बिलासपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। कुछ पंपों पर ईंधन खत्म होने जैसी स्थिति भी बनी।
डीजल-पेट्रोल सप्लाई प्रभावित होने, पैनिक बाइंग बढ़ने से आम लोगों के साथ एंबुलेंस सेवाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई। इसी पृष्ठभूमि में स्वास्थ्य विभाग का यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है।