कोरबा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ भाजपा ने शुक्रवार (31 अक्टूबर) को विशाल पदयात्रा निकाली

Chhattisgarh Crimesकोरबा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ भाजपा ने शुक्रवार (31 अक्टूबर) को विशाल पदयात्रा निकाली। जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा कोसाबाड़ी से शुरू होकर घंटाघर पहुंचकर समाप्त हुई।

इसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और हाथों में तख्तियां लेकर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया।पदयात्रा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला सह प्रभारी ब्रजेंद्र शुक्ला, विधायक प्रेमचंद पटेल और महापौर संजू देवी राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।

SIR को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप

पदयात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना था कि SIR चुनाव आयोग की सामान्य प्रक्रिया है। कांग्रेस इसे वोट चोरी जैसे मुद्दों से जोड़कर जनता को गुमराह कर रही है।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कांग्रेस मुद्दा विहीन हो चुकी है और उसके पास अब केवल आरोप लगाने का विकल्प बचा है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस देश को गलत दिशा में ले जाने का काम कर रही है। SIR जैसी संवैधानिक प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र पर हमला है।

मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के सत्यापन को बताया जरूरी

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि SIR को लेकर कांग्रेस अलग-अलग बातें कर रही है। निष्पक्ष चुनाव के लिए मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का सत्यापन जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्रहित में है, उससे लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं और कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने भी कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी SIR तो कभी वोट चोरी के मुद्दे पर जनता के बीच झूठ परोसा जा रहा है। भाजपा जनहित में काम कर रही है, जिससे कांग्रेस को परेशानी हो रही है।

मुख्य मार्गों से गुजरी पदयात्रा

पदयात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ के नारे गूंजते रहे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। भाजपा ने इस आयोजन के जरिए SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।