बिलासपुर के विनोबा नगर में 1 लाख 23 हजार 560 रुपए का बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने पहुंचे बिजली कंपनी के अफसरों और कर्मचारियों से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई। आरोप है कि उपभोक्ता के बेटे ने कर्मचारियों को सीढ़ी लगाने से रोका और धमकी दी।
लिंक रोड जोन के सहायक अभियंता रवि ध्रुव की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने नितिन द्विवेदी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विनोबा नगर निवासी पूनम द्विवेदी के नाम पर बिजली कनेक्शन है। उनके परिसर का 1 लाख 23 हजार 560 रुपए का बिल बकाया था। बिजली कंपनी ने फोन पर कई बार भुगतान करने को कहा और नोटिस भी भेजा था। इसके बाद भी बिल जमा नहीं हुआ।
सहायक अभियंता रवि ध्रुव अपने स्टाफ के साथ बकाया वसूलने और कनेक्शन काटने उनके घर पहुंचे थे। कर्मचारियों ने बिजली लाइन काटने के लिए पोल पर सीढ़ी लगाई।
आरोप है कि इसी दौरान पूनम द्विवेदी का बेटा नितिन वहां पहुंचा। उसने गाली-गलौज की और कर्मचारियों से धक्का-मुक्की करते हुए सीढ़ी हटाने को कहा। उसने कनेक्शन काटने से रोका और बिल जमा नहीं करने की बात कही।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इसके बाद रवि ध्रुव ने तारबाहर थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने नितिन द्विवेदी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।