बिलासपुर में पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों के ड्राइवरों को डरा-धमकाकर डीजल लूटने वाले गैंग को पकड़ा है। गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कार्पियो, ट्राइबर कार, धारदार चाकू, कैश समेत 74 लीटर डीजल जब्त किया गया है। डीजल के शार्टेज के बाद गिरोह रात के अंधेरे में हाईवे पर ट्रक चालकों से मारपीट और लूटपाट करता था।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जिले में लगातार डीजल चोरी और लूट की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद ACCU और सिरगिट्टी थाना स्टाफ की टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा के बगडबरी निवासी संजय कुमार कुर्रे (30), मणीशंकर कुर्रे (24) और अमित भारद्वाज (29) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई बड़ी वारदातें कबूल की हैं।
मास्टरमाइंड का पेट्रोल पंप संचालकों से था सेटिंग
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि गिरोह के मास्टरमाइंड का सीधे पेट्रोल पंपों से सेटिंग था। गैंग से डीजल चोरी कराने के बाद वह पेट्रोल पंप में कम दामों में सप्लाई करता था। इसके लिए उसने ही एक आरोपी को डीजल चोरी करने के लिए वाहन उपलब्ध कराया था।
फिलहाल, पुलिस मास्टरमाइंड के पकड़े जाने के बाद और कई बड़े खुलासा होने का दावा कर रही है।
गिरोह ने दो बड़े वारदात को दिया अंजाम
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि 18 मई को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान आरोपियों ने चालक से मारपीट की थी। वहीं, 24 मई को कोनी थाना क्षेत्र में ट्रेलर का डीजल टैंक तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूटा और स्कार्पियो से फरार हो गए थे।
इससे पहले 28 मार्च को सेंदरी नेशनल हाईवे के पास खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपए बताई गई है।
बिलासपुर समेत कई जिलों में सक्रिय था गिरोह
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका यह गिरोह लंबे समये काम कर रहा है। उन्होंने बिलासपुर के अलावा बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा और जांजगीर जिले के हाईवे पर भी वारदातों को अंजाम दिया है। गिरोह में कोरबा के हरदीबाजार और बाकीमोंगरा क्षेत्र के सदस्य भी शामिल हैं।
एनएच पर जगह-जगह बिक रहा चोरी का डीजल
पकड़े गए गिरोह से पुलिस ने 76 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है। वे चोरी का डीजल आसपास के लोगों को 10 से 15 रुपए कम में बेचते थे। ग्रामीण इलाकों में हार्वेस्टर, ट्रैक्टर समेत कई उनके नियमित ग्राहक है।
गैंग का फरार मास्टरमाइंड अपने टैंकर से सीधे पेट्रोल पंपों से डील करता था। इसके अलावा बिलासपुर-कोरबा एनएच से लेकर बलौदा रूट के कई ढाबों में वे चोरी का डीजल खपा रहे थे।
मास्टरमाइंड समेत 12 से ज्यादा आरोपी फरार
गिरोह का मास्टरमाइंड समेत 12 से अधिक सदस्य अब भी फरार हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई है, लेकिन जांच प्रभावित न हो इसलिए पुलिस ने अभी उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।