पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) के एलएलबी अंतिम सेमेस्टर (जून-2026) परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों की शिकायतें सामने आई हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर NSUI रायपुर ने शुक्रवार को कुलपति और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर विसंगतियों को दूर करने की मांग की। संगठन ने कहा कि यदि 7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
एनएसयूआई के जिला महासचिव गोपाल वर्मा और जिला उपाध्यक्ष भोजराज चौहान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बड़ी संख्या में छात्रों को इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) विषय में ATKT दी गई है। वहीं कुछ छात्रों को CPC विषय में भी ATKT मिली है।
ज्ञापन के अनुसार कई छात्रों का रिजल्ट ABC ID वेरिफिकेशन पेंडिंग, विथहेल्ड और अब्सेंट दिखाकर रोका गया है। छात्रों का कहना है कि वे सभी परीक्षाओं में शामिल हुए थे, इसके बावजूद परिणाम लंबित दिखाया गया है।
संगठन का कहना है कि परिणाम में देरी और तकनीकी त्रुटियों की वजह से कई छात्र समय पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया में पंजीयन, उच्च शिक्षा में प्रवेश और रोजगार से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
NSUI की प्रमुख मांगें
- IT और CPC विषय में ATKT पाने वाले छात्रों की उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जाए।
- ABC ID, Verification Pending, Withheld और Absent के कारण लंबित परिणामों का जल्द निराकरण कर संशोधित रिजल्ट जारी किया जाए।
- एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सात दिन का समय देते हुए कहा है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर संगठन आंदोलन करेगा।