छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण के लिए आवेदन आमंत्रित किए

छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित करेगा। आवेदन 5 अगस्त तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे।

खेल निदेशक तनुजा सलाम की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदन केवल खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। सभी 33 जिलों के खेल अधिकारियों और राज्य खेल संघों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर अंतिम तिथि के तीन दिन के भीतर संचालनालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

सीनियर खिलाड़ियों को तीन लाख तक का पुरस्कार

राज्य खेल अलंकरण के तहत शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार में राष्ट्रीय खेल या राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेता तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को 3 लाख रुपए दिए जाएंगे।

वहीं शहीद कौशल यादव पुरस्कार के तहत जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपए मिलेंगे। उत्कृष्ट प्रशिक्षक और निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपए दिए जाएंगे।

इसके अलावा शहीद विनोद चौबे सम्मान के तहत 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के खेल दिग्गजों को 25 हजार रुपए और शहीद पंकज विक्रम सम्मान के तहत लगातार पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को 25 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।

दलीय खेलों के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी

चार खिलाड़ियों वाली टीम के सीनियर वर्ग को 2 लाख और जूनियर वर्ग को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। चार से अधिक खिलाड़ियों वाली टीम के सीनियर वर्ग को 5 लाख और जूनियर वर्ग को 3 लाख रुपए मिलेंगे। सभी विजेताओं को नकद राशि के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे।

खेलवृत्ति और प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को खेलवृत्ति दी जाएगी। वहीं वर्ष 2025-26 के दौरान सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि मिलेगी। खेल संघों को उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रेरणा निधि भी दी जाएगी।

आवेदन से जुड़ी अहम बातें

  • आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त है।
  • आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
  • शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए आवेदन राज्य खेल संघ की अनुशंसा के साथ ही मान्य होंगे। यदि किसी पात्र खिलाड़ी का नाम संघ नहीं भेजता है, तो वह निर्धारित तिथि तक जिला खेल कार्यालय या खेल संचालनालय में आवेदन जमा कर सकता है।