छत्तीसगढ़ के धमतरी में 2 अलग-अलग सड़क हादसों के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। कार की टक्कर से बाइक सवार 3 युवती 10 फीट ऊपर उछलकर दूर जा गिरी। बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। जबकि, हाईवे पर शहर में अंधेरे के कारण एक कार डिवाइडर पर चढ़कर करीब 50 फीट तक चलती गई।
गांव की 3 लड़कियों को नगरी छोड़ने जा रहा था
पहली घटना गुरुवार देर रात की है, जब कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिरकट्टा निवासी रामू नेताम गुरुवार को रथ यात्रा देखने सिहावा आया था। वहां से वह अपने गांव की तीन लड़कियों को नगरी छोड़ने जा रहा था।
देवपुर के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रामू नेताम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवतियों का इलाज जारी है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
डिवाइडर पर चढ़ी तेज रफ्तार कार
दूसरी घटना देर रात शहर के सोरीद पुल के पास हाईवे पर हुई। यहां एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई। कार अंबेडकर चौक से श्यामतराई की ओर जा रही थी, तभी वह डिवाइडर पर चढ़कर कुछ दूर तक उसी पर चलती रही। कार में सवार लोग सुरक्षित बच गए। इस घटना का वीडियो भी सीसीटीवी में कैद हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस डिवाइडर पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, जिससे बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों ने कई बार इसकी शिकायत की है और अंधेरे के कारण यहां लाइट लगाने, डिवाइडर को ऊंचा करने और संकेत बोर्ड लगाने की मांग की है। क्रेन की मदद से कार को डिवाइडर से हटाया गया।