बलरामपुर जिले के रेवतीपुर में शुक्रवार रात हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई। घर के बाकी सदस्यों ने भाग कर जान बचाई। दल से अलग होकर पहुंचा हाथी ग्रामीण का घर तोड़ रहा था, भागने के दौरान हाथी ने उसे कुचल दिया। मामला राजपुर वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे 4 हाथी विचरण करते हुए रेवतपुर पहुंचे। इसमें से एक हाथी ने नावापारा निवासी बालम साय के घर को पीछे से तोड़ना शुरू कर दिया। आवाज़ आने पर बालम साय देखने के लिए गया। हाथी को देखकर उसने शोर मचाया और निकलकर भागने की कोशिश की।
घर से निकलकर भागने के दौरान हाथी ने उसे दौड़ाकर सूंढ़ से पकड़ लिया और पटककर कुचल दिया। बालम साय की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बालम साय को कुछ कम दिखाई देता था। घर के अन्य सदस्य हाथी को देखकर भाग निकले और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर वनविभाग के अधिकारी और हाथी मित्र दल के सदस्य गांव में पहुंचे और लोगों को सतर्क किया। 4 हाथियों का दल अभी भी रेवतपुर के पास ही मौजूद है, जिससे ग्रामीण सहमे हुए हैं।
महुआ व कटहल के कारण गांव में आ रहे हाथी
वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार 4 हाथी कई दिनों से रेवतपुर के आसपास विचरण कर रहे हैं। हाथी पके कटहल, आम और महुआ के कारण गांवों में आ रहे हैं। बालम साय के घर में भी महुआ रखा हुआ था, जिसकी महक आने के बाद हाथी उसके घर को तोड़ रहा था।