छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खुड़खुड़िया जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। रायगढ़-कोरबा बॉर्डर के पास धसकामुड़ा गांव में मेले के दौरान पांच अलग-अलग जुआ फड़ संचालित किए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से 7 चारपहिया वाहन, 57,140 रुपए कैश और 5 गैस लाइट जब्त की हैं।
जानकारी के मुताबिक, धसकामुड़ा गांव में लगे मेले के बाहर बस्ती के छोर पर बड़े पैमाने पर खुड़खुड़िया जुआ खेला जा रहा था। इसकी सूचना छाल थाना प्रभारी को मुखबिर से मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी गई।
पुलिस को देखते ही जुआरी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पांच अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल 33 लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो मेले में जुआ खेलने पहुंचे थे।
7 कारें, कैश और गैस लाइट जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किया और एक ऑल्टो कार समेत करीब 90 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति जब्त की। इसके अलावा जुआ फड़ से 57,140 रुपए नकद और 5 गैस लाइट भी बरामद की गई।
33 आरोपियों पर दर्ज हुए पांच केस
पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।
ऑपरेशन अंकुश के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।