दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाटन मार्ग पर बुधवार शाम स्कूल से लौट रही एक महिला शिक्षक व्याख्याता और ऑटो चालक को दो नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर रोक लिया। बदमाशों ने पहले पाटन का रास्ता पूछने के बहाने ऑटो को रुकवाया, फिर गाली-गलौज करते हुए चालक के कान पर कट्टा जैसा हथियार दिखाकर धमकाया।
आरोपियों ने पहले शिक्षिका से पैसे और पर्स मांगा। महिला ने पर्स देने से इनकार किया तो बदमाशों ने छीना-झपटी कर उसका पर्स और ऑटो चालक का मोबाइल लूट लिया। इस दौरान ऑटो चालक के सिर में चोट भी आई। वारदात ग्राम अमेरी और बटंग के बीच हाई स्कूल से करीब 400 मीटर पहले हुई।
रोजाना इसी ई-रिक्शा में आना-जाना करती है
शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वह जामगांव के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में व्याख्याता है। वह पिछले एक साल से इसी ऑटो से रोजाना आना-जाना करती थी। उन्होंने बताया कि लुटेरे बाइक से आए थे और दोनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
पर्स से 6 हजार रुपए और एटीएम कार्ड ले गए लुटेरे
शिक्षिका के पर्स में ओप्पो मोबाइल, एचडीएफसी और एसबीआई के एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, घर की चाबी और करीब 6 हजार रुपए नकद रखे थे। लुटेरे पर्स लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।