देशभर के साथ प्रदेश में भी तिरंगा यात्रा निकालकर आजादी का जश्न मनाया जा रहा है। बुधवार को बिलासपुर में पहली बार भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान महिलाओं ने संभाली। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और उनकी टीम ने महिलाओं को इस अभियान का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी।
बेलतरा विधानसभा की महिलाओं ने 300 फीट लंबे तिरंगे के साथ करीब ढाई किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम महिलाओं के साथ स्काउट-गाइड, एनसीसी और एनएसएस के सदस्य भी शामिल हुए। विधायक सुशांत शुक्ला और पुरुष कार्यकर्ता महिलाओं के पीछे चलते रहे।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के 7 वार्डों में महिला पार्षद हैं। इसके अलावा भाजपा की महिला नेत्रियां और कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं। इसी को देखते हुए विधायक ने महिलाओं से यात्रा का नेतृत्व कराने का फैसला लिया। महिलाओं ने भी उत्साह के साथ जिम्मेदारी संभाली।
यात्रा राजकिशोर नगर चौक से शुरू होकर लिंगियाडीह चौक स्थित भारतमाता चौक पहुंची। यहां पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का समापन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रिवर व्यू में देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ग्रुप ने देशभक्ति गीतों की धुनों पर शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से हुई। इसके बाद ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
जगह-जगह हुआ स्वागत, महिलाओं ने की पुष्पवर्षा
ढाई किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली। महिलाओं ने 300 फीट लंबा तिरंगा तैयार कराया और यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अब तक जिले और अन्य इलाकों में पुरुष ही तिरंगा अभियान का नेतृत्व करते रहे हैं। बेलतरा में पहली बार महिलाओं को नेतृत्व सौंपा गया, जिसकी खूब चर्चा रही।
MLA सुशांत बोले- मातृ शक्ति की सहभागिता से ऐतिहासिक बनी तिरंगा यात्रा
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तिरंगा यात्रा का नेतृत्व मातृ शक्ति ने किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं का सड़क पर उतरना देश के प्रति उनके सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है।
यह दृश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन हुआ। महिलाओं ने जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया, वह पूरे बेलतरा विधानसभा के लिए गर्व की बात है।