छत्तीसगढ़ के धमतरी में भालुओं के हमले से दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। दूसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं और उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
यह घटना अरसीकन्हार रेंज की है। जानकारी के मुताबिक, दिनेश नेगी और मदन नेताम जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान अचानक चार भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान एक युवक अपनी जान बचाकर भाग निकला, जिसे हल्की चोटें आईं।
जंगल की ओर न जाने की सलाह
उसने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण जंगल की ओर गए और दूसरे युवक को लहूलुहान हालत में बाहर निकाला। दोनों घायल युवकों को अस्पताल ले जाया गया। दिनेश नेगी को पहले नगरी अस्पताल, फिर जिला अस्पताल और बाद में रायपुर रेफर किया गया है।
मदन नेताम को स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद वन विभाग ने गांव में अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने ग्रामीणों को भालुओं से सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है।