विदेश में MBA की पढ़ाई और नौकरी दिलाने के नाम पर 19 लाख रुपए लेने के मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल और जसविंदर सिंह डिगवा को गिरफ्तार किया है। शिकायत के अनुसार दोनों ने कंसल्टेंसी के जरिए विदेश की यूनिवर्सिटी में एडमिशन, नौकरी और बाद में कनाडा की नागरिकता दिलाने का भरोसा देकर रकम ली। सुमित को किर्गिस्तान भी भेजा गया, लेकिन नौकरी नहीं मिली। रकम वापस मांगने पर दिए गए तीन चेक भी बाउंस हो गए।
मामला स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी का है। सेक्टर-1 भिलाईनगर निवासी सुमित अरमरकर ने 15 सितंबर को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत की। शिकायत में कंसल्टेंसी संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा पर आरोप लगाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाति अग्रवाल गुप्ता एवं उनके पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा द्वारा आवेदक को विदेश में MBA की पढ़ाई कराने तथा पढ़ाई के बाद अच्छी नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया गया।आरोपियों ने सुमित को यूके, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की यूनिवर्सिटी में MBA एडमिशन दिलाने और पढ़ाई के बाद अच्छी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।
आरोपियों के बताए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों और चेक के जरिए सुमित ने कुल 19 लाख रुपए जमा किए। रकम लेने के बाद विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर उसे लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में कनाडा की नागरिकता, नौकरी और विजिटर वीजा के जरिए विदेश भेजने का भी प्रलोभन दिया गया। इसके बावजूद नौकरी नहीं मिली।
किर्गिस्तान भेजा, नौकरी नहीं मिली पुलिस के अनुसार सुमित को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां भी नौकरी नहीं दिलाई गई। इसके बाद वह भारत लौट आया। उसने आरोपियों से रकम वापस मांगी तो 2-2 लाख रुपए के तीन चेक दिए गए। बैंक में जमा करने पर तीनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद सुमित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
19 लाख में पढ़ाई, नौकरी और नागरिकता का झांसा पुलिस के मुताबिक पूरे मामले में आरोपियों ने विदेश में MBA एडमिशन, पढ़ाई के बाद नौकरी, कनाडा की नागरिकता और विजिटर वीजा जैसे अलग-अलग प्रलोभन देकर रकम ली। पैसा लेने के बाद विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार टालमटोल की गई। पुलिस इसे मामले में आरोपियों के बताए तरीके से जांच रही है।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का दावा शिकायत के आधार पर स्मृतिनगर चौकी, थाना सुपेला में अपराध दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान पुलिस ने गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।