भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवक-युवती पढ़ाई के साथ चेन स्नेचिंग और झपटमारी कर रहे थे। दोनों अपने शौक पूरे करने और पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए सुबह स्कूटी से इलाके में घूमते थे। इस दौरान पैदल टहलने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे।
स्कूटी पर पीछे बैठा युवक अचानक महिला के गले से चेन खींच लेता था। इसके बाद दोनों तेजी से स्कूटी से भाग जाते थे। पहचान छिपाने के लिए दोनों हेलमेट पहनने के साथ चेहरे पर कपड़ा बांधकर वारदात करते थे।
सुपेला पुलिस ने CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने 31 जुलाई और 20 सितंबर को चेन झपटमारी की दो वारदातों में शामिल होना कबूल किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की चेन का बचा हुआ हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
31 जुलाई को सीसीटीवी में कैद हुई थी वारदात
पहली वारदात 31 जुलाई की सुबह हुई थी। करीब 6:32 बजे गीता देवी (62) घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दोनों युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और दोनों वहां से भाग गए। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की।
एक दिन पहले फिर किया वारदात
इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी के साथ फिर चेन झपटमारी हुई। एक ही महिला को दोबारा निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज में आरोपियों और उनकी स्कूटी के बारे में पुलिस को सुराग मिला।
जांच के दौरान पुलिस ने विक्की नायक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी तरूणा सिन्हा के साथ दोनों वारदातों में शामिल होना बताया। पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई की घटना में सीजी-07-एनएन-6415 नंबर की स्कूटी का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चेन का हिस्सा और स्कूटी बरामद की।
भिलाई में पढ़ाई करने आए थे दोनों
दोनों आरोपी भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए हैं। आरोपी विक्की नायक (23) मध्यप्रदेश के बालाघाट का रहने वाला है और फिलहाल तितुरडीह, दुर्ग में रह रहा है। वहीं तरुणा सिन्हा (20) राजनांदगांव की रहने वाली है और तितुरडीह, दुर्ग में रहकर पढ़ाई कर रही है।
सुबह टहलने वाली महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दोस्त हैं। अपने शौक पूरे करने के लिए दोनों चोरी और चेन झपटमारी करने लगे थे। वे सुबह स्कूटी से उन इलाकों में जाते थे, जहां महिलाएं टहलने निकलती हैं।
अकेली बुजुर्ग महिला दिखते ही दोनों उसे निशाना बनाते थे। युवती स्कूटी चलाती थी और पीछे बैठा युवक मौका मिलते ही महिला के गले से चेन खींच लेता था। इसके बाद दोनों स्कूटी से तेजी से भाग जाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।