रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना इलाके में शराब के लिए पैसे मांगने के बाद दो भाइयों ने सब्जी व्यवसायी से मारपीट कर लूट की। आरोपियों ने व्यवसायी की जेब से 5 हजार रुपए, मोबाइल और बाइक छीन ली और फरार हो गए। पुलिस ने CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
घटना शनिवार दोपहर बड़पारा शराब भट्ठी के पास की है। ग्राम गोतमा निवासी गजानन प्रधान (32) सब्जी बिक्री का काम करता है। वह सब्जी बिक्री की रकम जमा करने हटरी चौक जा रहा था। इसी दौरान शराब लेने के लिए बड़पारा भट्ठी पहुंचा, जहां दो युवकों ने उससे शराब पीने के लिए 100 रुपए मांगे।
100 रुपए दिए, शराब पिलाई फिर मारपीट कर लूट लिया
गजानन ने दोनों को 100 रुपए दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने उससे शराब मांगकर पी। शराब पीने के बाद दोनों ने गाली-गलौज करते हुए गजानन के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने उसकी शर्ट की ऊपरी जेब में रखे 5 हजार रुपए निकाल लिए और बाइक की चाबी भी छीन ली। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही पीड़ित और अन्य गवाहों से आरोपियों के हुलिए और घटना की जानकारी जुटाई गई।
जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान संजय शर्मा उर्फ सोनू (30) और गणेश शर्मा (25), निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के घर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।
पीड़ित ने दोनों की पहचान की, बाइक बरामद
पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने पहचान कार्रवाई कराई, जिसमें गजानन ने दोनों आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने लूटी गई रकम खाने-पीने में खर्च करने की बात बताई।
पुलिस ने आरोपी संजय शर्मा के पास से लूटी गई बाइक बरामद कर जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गंभीर अपराधों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि लूट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों में पुलिस तत्काल आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित कर रही है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।