छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। रायपुर समेत कई जिलों में रातभर से बारिश हो रही है। रायपुर के सुंदर नगर महादेवघाट रोड, विधानसभा क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है। जगदलपुर के गंगा मुंडा इलाके के साथ निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कें पानी में डूब गई हैं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में लोगों के घरों में भी नालियों का पानी घुस गया है।

सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हैं। पानी भरने से कई गांव टापू में बदल गए हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से इंद्रावती नदी उफान पर है और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के चलते बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद हैं। रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन से किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 2 ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द कर दी गई है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।