महासमुंद जिला जेल में बंद 44 साल के कैदी सैय्यद अशफाक की बुधवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद जिला जेल में बंद 44 साल के कैदी सैय्यद अशफाक की बुधवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। जेल प्रशासन के मुताबिक, अशफाक चक्कर खाकर गिर पड़ा था।

इसके बाद उसे शासकीय मेडिकल कॉलेज से जुड़े जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुबह 8:19 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।

वह 2023 से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल में बंद था। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय जांच के बाद पता चलेगा।

2023 से एनडीपीएस एक्ट के मामले में था बंद

मृतक की पहचान सैय्यद अशफाक पिता सैय्यद यूसुफ, निवासी तिफरा, बिलासपुर के रूप में हुई है। वह एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में साल 2023 से महासमुंद जिला जेल में बंद था।

अस्पताल पहुंचने पर नहीं दे रहा था कोई प्रतिक्रिया

अस्पताल के मेडिकल मेमो के मुताबिक, 18 नवंबर को सुबह 8:12 बजे अशफाक को कैजुअल्टी विभाग लाया गया था। उस समय वह बेहोश था और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। जांच के दौरान उसकी नाड़ी और रक्तचाप दर्ज नहीं हो सके।

डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उसकी आंखों की पुतलियां फैली हुई थीं और उनमें कोई हलचल नहीं थी। कॉर्नियल रिफ्लेक्स भी नहीं था। ईसीजी में दिल की धड़कन या हृदय की गतिविधि दर्ज नहीं हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण

डॉक्टरों ने सुबह 8:19 बजे अशफाक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय जांच के बाद ही इसकी जानकारी सामने आएगी।