धमतरी में सड़क के गड्ढों और धूल से परेशान वार्डवासियों और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देर शाम चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही।
प्रदर्शनकारी सड़क की मरम्मत की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक सड़क से हटाया। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के एसडीओ मौके पर पहुंचे और दो दिन में गड्ढे भरने का काम शुरू कराने का आश्वासन दिया।
फोरलेन निर्माण के बीच सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारी
धमतरी शहर में सिहावा चौक से कोलियरी तक फोरलेन सड़क का निर्माण चल रहा है। इसी सड़क की खराब हालत के विरोध में आधारी नवागांव के वार्डवासी और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारी बीच सड़क पर बैठ गए। कुछ लोग सड़क पर लेट गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे पीडब्ल्यूडी अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें सड़क से हटाया। कुछ देर बाद पीडब्ल्यूडी के एसडीओ मुरलीधर पैकरा मौके पर पहुंचे और लोगों से बात की।
वार्डवासी बोले- गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे लोग
वार्डवासी शकील अहमद ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और धूल उड़ती रहती है। कई बार शासन-प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई। उनका आरोप है कि रात 10 बजे के बाद सड़क पार करना भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति गड्ढे में गिरकर घायल हो गया था। वह अभी बिस्तर पर है। सड़क से सुबह से शाम तक स्कूली बच्चे भी गुजरते हैं। इसके बावजूद अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं। फोन करने पर भी अधिकारी कॉल नहीं उठाते। परेशान होकर लोगों को चक्काजाम करना पड़ रहा है।