जशपुर जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल के रास्ते झारखंड ले जाई जा रही 11 भैंसों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। तस्कर भैंसों को पैदल हांकते हुए जंगल के रास्ते गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान ग्रामीण की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने बरामद सभी भैंसों को सुरक्षित मुक्त करा दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को सन्ना थाना क्षेत्र के सोनक्यारी चौकी अंतर्गत ग्राम सरडीह के जंगल में कुछ लोगों द्वारा बड़ी संख्या में भैंसों को मारते-पीटते हुए पैदल ले जाने की सूचना मिली थी। ग्राम बलादरपाठ के एक ग्रामीण ने संदिग्ध गतिविधियां देखकर तत्काल सोनक्यारी पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल में घेराबंदी की। इस दौरान तीन व्यक्ति 11 भैंसों को लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा जंगल के रास्ते फरार हो गया।
रुपये देने का लालच देकर सौंपी थी भैंसें पहुंचाने की जिम्मेदारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवनारायण यादव (55) और कपिलदेव यादव (23), निवासी ग्राम बरपाठ, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि भैंसें थाना आस्ता क्षेत्र के एक व्यक्ति की हैं। उक्त व्यक्ति ने रुपये देने का लालच देकर उन्हें सभी भैंसों को ग्राम सरडीह के जंगल के रास्ते झारखंड पहुंचाने के लिए कहा था।
आरोपियों के मुताबिक, उन्हें भैंसों को ग्राम खमली, थाना आस्ता तक ले जाने की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस ने भैंसों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी 11 भैंसों को बरामद कर सुरक्षित मुक्त कराया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर फरार साथी की पहचान कर ली है। वह थाना आस्ता क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।
मामले में चौकी सोनक्यारी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
तस्करी में शामिल लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी के विरुद्ध ऑपरेशन शंखनाद के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोनक्यारी क्षेत्र में 11 भैंसों को मुक्त कराकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पशु तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।