दुर्ग के रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी

Chhattisgarh Crimesदुर्ग के रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी है। इस बीच निजी भवन में कांग्रेस की बैठक हुई। मीटिंग के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पेंशन और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास तनख्वाह बांटने के लिए पैसे नहीं है और पेंशन देने के लिए भी पैसा नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि, जनता के सामने कोई चुनाव में अब बाहुबल और धनबल काम नहीं आता।

इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, रिसाली चुनाव पर्यवेक्षक मोहन मरकाम समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय होने, संगठन को मजबूत करने और चुनाव के लिए जमीनी तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए गए।

मोदी की गारंटी की गारंटी थी, लेकिन कोई काम पूरा नहीं हुआ

भूपेश बघेल ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कहा था कि मोदी की गारंटी की गारंटी है। कर्मचारियों के लिए 100 दिन में कलेक्टर दर पर भुगतान, मानदेय दोगुना करने और नियमित करने जैसी बातें कही गई थीं, लेकिन इनमें से कोई भी काम पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि अब भाजपा नेता और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पेंशन बहाल करने की मांग कर रहे हैं। इससे सरकार की स्थिति को समझा जा सकता है।

वार्ड आरक्षण में गड़बड़ी के सवाल पर बोले- सरकार ने ध्यान नहीं दिया

भिलाई और रिसाली नगर निगम के वार्ड आरक्षण में एससी-एसटी वर्ग को लेकर उठे सवालों पर भूपेश बघेल ने कहा कि इस मामले को लेकर आवाज उठी थी, लेकिन सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इस मामले को न्यायालय में ले जाना चाहिए था।

भाजपा के सत्ता में होने और चुनाव में उसके पास धनबल अधिक होने के सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि, जनता के सामने कोई धनबल नहीं चलता। एक समय धनबल चल गया होगा, लेकिन अब जनता उठ खड़ी हुई है। जब जनता उठ खड़ी होती है तो फिर न बाहुबल काम आता है, न प्रशासनिक बल और न ही धनबल।

मोहन मरकाम बोले- बूथों पर काम करेंगे, वार्डों से आए नामों पर होगा विचार

रिसाली चुनाव के पर्यवेक्षक मोहन मरकाम ने कहा कि, नगर निगम चुनाव का आगाज हो चुका है। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। भाजपा के कार्यकाल में नगर निगम क्षेत्रों में ढाई साल में कोई ऐसा काम दिखाई नहीं देता, जिसे लेकर वह जनता के बीच जा सके।

मरकाम ने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार की नाकामियों और स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। प्रारंभिक बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया है। अब बूथ स्तर पर काम शुरू किया जाएगा।

टिकट के लिए वार्डों से आए नामों को प्राथमिकता

टिकट वितरण को लेकर मोहन मरकाम ने कहा कि, कांग्रेस की पुरानी व्यवस्था के अनुसार वार्डों से जो नाम सामने आते हैं, उन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार करती है। इस बार भी वार्डों से बेहतर नाम मंगाए जाएंगे और उन्हीं नामों पर टिकट को लेकर विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस दमदारी के साथ मैदान में उतरेगी और संगठन की मजबूती के साथ चुनाव जीतने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।