कोरबा के SECL दीपका कोयला खदान में बुधवार को कलिंगा कंपनी के डंपर में आग लग गई। करीब 2 करोड़ रुपए का डंपर कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे के दौरान चालक ने समय रहते डंपर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि डंपर खदान के अंदर काम कर रहा था। इसी दौरान इंजन के पास से अचानक चिंगारी उठी और आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे केबिन में फैल गई। खदान कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ ही मिनटों में डंपर पूरी तरह जल गया।
कर्मचारियों ने सुरक्षा और मेंटेनेंस पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का आरोप है कि कलिंगा कंपनी में लगातार हादसे हो रहे हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। वाहनों का सही तरीके से मेंटेनेंस भी नहीं होता और पुराने वाहनों से काम लिया जा रहा है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी कंपनी के वाहनों में आग लगने और दुर्घटनाओं की घटनाएं हो चुकी हैं। आरोप है कि हर बार शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताकर मामले को खत्म कर दिया जाता है। घटना की सूचना SECL और कलिंगा कंपनी के अधिकारियों को दे दी गई है।