बिलासपुर के साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस पर ‘सोशल मीडिया प्रेजेंस’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस पर ‘सोशल मीडिया प्रेजेंस’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला है। इस उपलब्धि पर शुक्रवार को एसईसीएल मुख्यालय में जनसंपर्क विभाग की पूरी टीम ने निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास से मुलाकात की और उन्हें पुरस्कार की ट्रॉफी भेंट की।

इस दौरान निदेशक बिरंची दास ने जनसंपर्क विभाग की टीम को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रभावी जनसंपर्क और डिजिटल संचार के माध्यम से कंपनी की उपलब्धियों, गतिविधियों और जनकल्याणकारी पहलों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी समर्पण और नवाचार के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

कोलकाता में एसईसीएल को मिले सात पुरस्कार

उल्लेखनीय है कि कोलकाता में आयोजित कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस समारोह में एसईसीएल को विभिन्न श्रेणियों में कुल सात पुरस्कार मिले थे। इनमें तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार शामिल हैं। कॉर्पोरेट श्रेणी में एसईसीएल को ‘सोशल मीडिया प्रेजेंस’ में प्रथम तथा ‘पर्यावरण प्रबंधन’ और ‘भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास’ में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुए।

प्रबंधन के अनुसार, सोशल मीडिया प्रेजेंस श्रेणी में प्रथम पुरस्कार जनसंपर्क विभाग के उन प्रयासों का सम्मान है, जिनके माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंपनी की उपलब्धियों, खनन गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण, सीएसआर पहलों और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी जानकारियां लोगों तक पहुंचाई जाती हैं।