बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम टोनाटार में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम टोनाटार में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

इसी शक में आरोपी ने रात में सो रही पत्नी पर धारदार हथियार बसुला से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भाटापारा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर को प्रार्थी ने भाटापारा ग्रामीण थाने में सूचना दी कि उसकी भाभी अपने कमरे में पलंग पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हैं। मृतका के सिर और शरीर पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदाबाजार के वैज्ञानिक अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से निरीक्षण किया। ई-साक्ष्य तकनीक की मदद से भी सबूत जुटाए गए। मौके से खून से सने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सबूत जुटाए गए, जिन्हें जांच में शामिल किया गया।

रेलवे स्टेशन से भागने की फिराक में था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका के पति लखन लाल बंजारे (61) निवासी ग्राम टोनाटार को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस का आरोप है कि घटना की रात लखन लाल ने सो रही पत्नी पर बसुला से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह घर के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की गई, जहां आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में मिला।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।

बसुला जब्त, 13 अक्टूबर को हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सना बसुला जब्त किया है। घटनास्थल से जुटाए गए कपड़े और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य भी जांच में शामिल किए गए हैं।

आरोपी लखन लाल बंजारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे 13 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया।