रायगढ़ के बंगुरसिया रोड पर बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव सड़क किनारे लगे सूचना बोर्ड के सहारे कपड़े की रस्सी से लटका हुआ था। सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
शव मिलने की खबर फैलते ही बंगुरसिया और आसपास के गांवों से ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। उसकी उम्र करीब 35 से 40 साल बताई जा रही है।
आसपास के प्लांट में काम करने की आशंका
जानकारी के मुताबिक, युवक आसपास के गांव का रहने वाला नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी प्लांट में मजदूरी करता होगा या ट्रक-डंपर में खलासी के रूप में काम करता होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है।