बिलासपुर के मल्हार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों पर अनियमितता, अभद्र व्यवहार और पढ़ाई में लापरवाही के आरोप लगे

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के मल्हार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों पर अनियमितता, अभद्र व्यवहार और पढ़ाई में लापरवाही के आरोप लगे हैं। इसे लेकर छात्राओं ने एक बार फिर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।

13 दिन के भीतर दूसरी बार कलेक्ट्रेट पहुंचीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

छात्राओं का कहना है कि पहले शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्हें दोबारा प्रदर्शन करना पड़ा। छात्राओं ने शिक्षकों पर अलग-अलग आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

छात्राओं ने एएफ प्रभारी शिक्षिका संगीता यादव पर तीन साल का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने और राशि के हिसाब में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। छात्राओं का कहना है कि शिकायत करने पर प्रोजेक्ट के अंक काटने और परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है।

छात्राओं ने संस्कृत व्याख्याता संजय दुबे पर कक्षा में पढ़ाई के दौरान लापरवाही बरतने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और अश्लील टिप्पणियां करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने व्याख्याता की शैक्षणिक डिग्री और दस्तावेजों की वैधता पर भी सवाल उठाए हैं। छात्राओं ने संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है।

एक्सपायरी सेनेटरी पैड बांटने की शिकायत

गणित व्याख्याता काजल सोन पर छात्राओं ने कक्षा 10वीं में गणित नहीं पढ़ाने और शासन की ओर से मिलने वाले निशुल्क सेनेटरी पैड के वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है। छात्राओं का दावा है कि एक्सपायरी पैड भी बांटे गए, जिससे एक छात्रा की तबीयत प्रभावित हुई। उन्होंने इस शिकायत की भी जांच कराने की मांग की है।

जांच, निलंबन और FIR दर्ज करने की मांग

छात्राओं ने ज्ञापन में कहा है कि इन समस्याओं से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित शिक्षकों को निलंबित करने और आरोप प्रमाणित होने पर FIR दर्ज कराने की मांग की है।

छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगी।