दुर्ग जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में शिवनाथ नदी और तांदुला नहर से दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। बेलौदी एनीकेट के पास शिवनाथ नदी में बहने वाले जगदीश यादव (55) की तलाश एसडीआरएफ की टीम ने पूरी की।
वहीं, जामगांव आर थाना क्षेत्र में बाइक समेत तांदुला नहर में गिरे लीलाधर उर्फ दुर्गेश ठाकुर (28) का शव घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर मिला। दोनों मामलों में एसडीआरएफ की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। शवों की बरामदगी के बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
पहली घटना 23 अक्टूबर को बेलौदी एनीकेट के पास शिवनाथ नदी में हुई। दुर्ग के जवाहर नगर निवासी जगदीश यादव (55), पिता स्वर्गीय लक्ष्मण यादव, मजदूरी करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह पारिवारिक कारणों से मानसिक रूप से परेशान था।
बताया गया कि घटना वाले दिन जगदीश सुबह काम पर गया था। काम से लौटने के बाद वह शिवनाथ नदी की ओर चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में कूदने से पहले उसने वहां मौजूद लोगों की ओर फ्लाइंग किस किया और फिर पानी में छलांग लगा दी। इसके बाद वह तेज बहाव में बह गया।
गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने पर जिला सेनानी के निर्देशन में दुर्ग एसडीआरएफ की टीम मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। प्रशिक्षित गोताखोरों ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाश के दौरान जगदीश का शव बरामद कर पानी से बाहर निकाला गया।
इसके बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद जेवरा सिरसा थाना पुलिस और परिजनों को सौंपा गया। घटना की परिस्थितियों की विस्तृत पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।
तांदुला पुल से टकराकर नहर में गिरी बाइक
दूसरी घटना 22 अक्टूबर को जामगांव आर थाना क्षेत्र में गाड़ाडीह के पास हुई। गुढ़ियारी और कानाकोट के बीच स्थित तांदुला पुल पर दोपहर करीब 3 बजे एक बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। इसके बाद बाइक सवार युवक वाहन समेत नहर में गिर गया।
मृतक की पहचान बालोद जिले के ग्राम तिलोदा निवासी लीलाधर उर्फ दुर्गेश ठाकुर (28), पिता दुर्गेश ठाकुर, के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने नहर में तलाश शुरू की। जामगांव आर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण भी सर्च ऑपरेशन में जुटे रहे।
घटनास्थल से 8 किमी दूर मिला शव
तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर फेकरी-बोहरडीह पुलिया के पास शाम 4:30 बजे दुर्गेश ठाकुर का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की।
दोनों घटनाओं में एसडीआरएफ की टीमों ने नदी और नहर में तलाश अभियान चलाकर शव बरामद किए। पुलिस दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।