बालोद जिले के गुंडरदेही स्थित शासकीय अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम हिरुखपरी निवासी देवराज उर्फ देवा कोसरे के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।गुंडरदेही थाना प्रभारी रविशंकर पांडेय के अनुसार, ग्राम खुटेरी (रंग) निवासी कीर्तन लाल साहू ने 18 अक्टूबर को बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मोटरसाइकिल शासकीय अस्पताल गुंडरदेही परिसर में खड़ी थी, जहां से वह चोरी हो गई
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान गुंडरदेही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर संदेही की पहचान कर उससे पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।