कांकेर जिले में किराना दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे एक व्यक्ति पर महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम हाटकोगेंरा निवासी मनोज साहू (49) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 22 अक्टूबर को सिटी कोतवाली कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि 29 सितंबर को वह अपनी किराना दुकान में बैठी थी। इसी दौरान ग्राम हाटकोगेंरा निवासी मनोज साहू दुकान पर सामान खरीदने पहुंचा। आरोप है कि उसने गलत नीयत से महिला का हाथ पकड़ा और अनुचित बातें करने लगा।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मनोज साहू, पिता खेदूराम साहू, निवासी ग्राम हाटकोगेंरा, जिला कांकेर के खिलाफ अपराध क्रमांक 368/2026 दर्ज किया। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2) के तहत पंजीबद्ध किया गया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच और आरोपी की तलाश के लिए महिला प्रधान आरक्षक सवित्री मरकाम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम हाटकोगेंरा स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे पकड़ा और पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।