दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने NMDC बचेली के अधिकारियों को इन तीखे शब्दों में चेतावनी दी। बचेली में रास्तों पर गेट निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच विधायक खुद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के समर्थन में अधिकारियों पर जमकर बरसे।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि फोर्स लगाकर स्थानीय लोगों को धमकाने की कोशिश न करें। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या फोर्स का इस्तेमाल अधिकारियों के गलत फैसलों को लागू करवाने के लिए किया जा रहा है? उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए इस तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘आज ही गेट हटाओ, नहीं तो पूरी जनता आएगी’
विधायक चैतराम अटामी ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि आज ही यहां से गेट हटाया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो गेट हटाने के लिए पूरी जनता सड़क पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में अधिकारियों को सभी पक्षों को विश्वास में लेना होगा। बैठक बुलाकर स्थानीय लोगों की सहमति ली जाए और जनहित से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद ही आगे का काम शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि गेट लगने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने-जाने में परेशानी होगी। किसी को अस्पताल जाना हो या दूसरे जरूरी काम से निकलना हो तो उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। विधायक ने सवाल किया कि अगर गेट लगाने के बाद अधिकारियों की मर्जी से कभी भी रास्ता बंद कर दिया जाएगा, तो ऐसे निर्माण का क्या औचित्य है?
‘हर चौक पर CCTV लगाओ, गार्ड नियुक्त करो’
विधायक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगर रास्तों पर सुरक्षा की चिंता है तो हर चौक पर CCTV कैमरे लगवाएं और गार्ड नियुक्त करें। स्थानीय लोगों को शक की नजर से देखना ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि बाजार में सब्जी खरीदने आने वाले ग्रामीणों से आधार कार्ड मांगना उचित नहीं है। क्या गांव का हर व्यक्ति बाजार में खरीदारी करने के लिए आधार कार्ड लेकर आएगा? उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय लोगों की परेशानियों को समझने और उनके साथ संवाद करने की बात कही।