छत्तीसगढ़ पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में बस्तर फाइटर्स के तहत फाइटर आरक्षक के 128 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसके लिए जिले के स्थानीय निवासी पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन मंगाए गए हैं। आवेदन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय दंतेवाड़ा की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक, भर्ती छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स), फाइटर आरक्षक सेवा भर्ती नियम 2026 के तहत की जाएगी। यह भर्ती गृह विभाग की 31 अगस्त 2026 की अधिसूचना के अनुसार होगी।
किस वर्ग के लिए कितने पद?
जारी विज्ञापन में कुल 128 पदों का वर्गवार विवरण दिया गया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 7, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 17, अनुसूचित जाति (SC) के 11 और अनुसूचित जनजाति (ST) के 93 पद शामिल हैं।
इन जगहों पर जमा कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र कार्यालयीन दिवस और समय पर कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला दंतेवाड़ा, कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), किरंदुल और गीदम पुलिस थाना में जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा आवेदन पत्र पंजीकृत डाक से भी भेज सकते हैं। इसके लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, पिन कोड 494449 का पता निर्धारित किया गया है।
वेबसाइट पर मिलेगी भर्ती की पूरी जानकारी
भर्ती के लिए आवेदन पत्र का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक योग्यता परीक्षा, लिखित परीक्षा और अन्य जरूरी जानकारी जिला दंतेवाड़ा के समस्त थाना-चौकी, पुलिस अनुभागीय अधिकारी कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध कराई गई है।
अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://cgpolice.gov.in और दंतेवाड़ा पुलिस की वेबसाइट https://dantewada.cgpolice.gov.in पर भी भर्ती से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं।