दुर्ग में साइबर ठगी की रकम इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग में साइबर ठगी की रकम इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन लेकर अपने और दूसरों के बैंक खाते साइबर ठगों को देते थे।

इसके साथ ही पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और बैंक खाते से जुड़े मोबाइल सिम भी सौंप देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत जामुल और पद्मनाभपुर थाने की पुलिस ने ACCU के साथ मिलकर कार्रवाई की। बैंक खातों की जांच, तकनीकी जानकारी और दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

कमीशन के लालच में ठगों को दिए खाते

जांच में सामने आया कि साइबर ठग आम लोगों से ठगी करने के बाद रकम इन खातों में जमा कराते थे। इसके बाद पैसे को अलग-अलग खातों में भेजकर उसका असली स्रोत छिपाया जाता था।

आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने और दूसरे लोगों के बैंक खाते एजेंटों के जरिए साइबर अपराधियों तक पहुंचाए थे। पुलिस को संबंधित खातों से लाखों रुपए के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है।

जामुल में 3 और पद्मनाभपुर में 11 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, जामुल थाने में दर्ज मामले में तीन खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मनोज यादव (49), प्रदीप कुमार (61) और अक्षय राज (30) शामिल हैं।

वहीं, पद्मनाभपुर थाने के मामले में 9 खाताधारकों और 2 एजेंटों को पकड़ा गया है। इनमें महेश महानंद (42), उपेन्द्र सिंह (28), संतोष कुमार सोनी (37), कुंदन कुमार (32), सुमित कुमार सिंह (30), लोकेश बघेल (26), मोहन मांझी (35), अंकित डोगरे (29), आशुतोष तांडी (28), हेमा सिन्हा और सरस्वती ठाकुर शामिल हैं। दोनों मामलों में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बैंक खाते, एटीएम और मोबाइल सिम जब्त

पुलिस जांच में जामुल क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा और पद्मनाभपुर क्षेत्र के एक्सिस बैंक से जुड़े खातों का इस्तेमाल सामने आया है। आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इन खातों से हुए लेन-देन और साइबर ठगी में शामिल दूसरे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।