दुर्ग जिले में 40 साल के धर्मेंद्र पाल का शव घर के अंदर उसके कमरे में बिस्तर पर मिला। उसका चेहरा और आंखें बुरी तरह चोटिल थीं। कान के पास से भी खून निकल रहा था।
कमरे में जमीन पर खून फैला हुआ था। हालात देखकर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस ने मृतक की बहन को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।
सरपंच को दी गई थी घटना की सूचना
परिजनों ने सबसे पहले सरपंच को फोन कर धर्मेंद्र के कमरे में खून से लथपथ पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद सरपंच गांव के दो अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मृतक के चाचा समेत करीब छह-सात लोग मौजूद थे। कमरे में धर्मेंद्र बिस्तर पर पड़ा था।
उसके चेहरे और कान के पास से खून निकल रहा था। लोगों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सरपंच ने गांव के कोटवार और उतई थाना प्रभारी को सूचना दी। पुलिस करीब 11 बजे गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
धारदार या भारी वस्तु से हमले की आशंका
पुलिस को मृतक के चेहरे और आंख पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। एक आंख की पुतली नीचे धंसी हुई बताई गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी धारदार या भारी वस्तु से हमला किया गया है। हालांकि, हत्या की वजह और हमले में इस्तेमाल वस्तु का पता जांच के बाद ही चलेगा।
बहन और पत्नी से विवाद की बात आई सामने
जानकारी के मुताबिक, मृतक की बहन पिछले चार-पांच साल से मायके में रह रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, उसका पति छत्तीसगढ़ पुलिस में पदस्थ है और उसकी पोस्टिंग मानपुर-मोहला क्षेत्र में बताई गई है। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते वह मायके में रह रही थी। धर्मेंद्र का भी अपनी बहन से बीच-बीच में विवाद होता रहता था।
वहीं, धर्मेंद्र की पत्नी भी करीब एक साल से मायके में रह रही थी। बताया गया है कि धर्मेंद्र शराब पीता था, जिस वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 8 और 10 साल है।
मजदूरी कर चलाता था परिवार
धर्मेंद्र का कोई स्थायी रोजगार नहीं था। वह कभी सीमेंट प्लांट में काम करता था तो कभी रोजाना मजदूरी करता था। घटना के समय घर में उसकी बहन, बहन के दो छोटे बच्चे और मां मौजूद थे।
परिजनों के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास उन्हें हमले में इस्तेमाल होने वाली कोई वस्तु नहीं मिली। पुलिस मृतक की बहन से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।