बालोद जिले के दल्लीराजहरा में बीड़ी नहीं देने की बात पर हुए विवाद के बाद चार युवकों ने मिलकर एक युवक से मारपीट की और उसके 10 हजार रुपए लूट लिए।
राजहरा पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 950 रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बाकी रकम आरोपियों ने खाने-पीने में खर्च कर दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना 17 नवंबर की रात करीब 9.30 बजे टेबलर सेड स्थित राजहरा नाला के पास की है। वार्ड क्रमांक 21 निवासी दिनेश कौशिक (22) अपने दोस्त सुल्तान के साथ वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान आकाश मंडावी उर्फ गोदू (25) ने उससे बीड़ी मांगी। दिनेश ने बीड़ी नहीं होने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद गोदू ने अपने तीन अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
चारों ने मिलकर की मारपीट, रुपए लेकर भागे
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने दिनेश के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उसके पास रखे 10 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। दिनेश की शिकायत पर राजहरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वार्ड क्रमांक 4 से पकड़े गए आरोपी
एसडीओपी विनय कुमार साहू ने बताया कि मामले की जांच के लिए दल्लीराजहरा पुलिस ने टीम गठित की और संदेहियों से पूछताछ की। इसके बाद वार्ड क्रमांक 4 निवासी युसुफ पठान (30), गंगाराम निषाद उर्फ राम (22), आकाश मंडावी उर्फ गोदू (25) और अभिषेक मंडावी उर्फ खारी (22) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 950 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, शेष रकम आरोपियों ने खाने-पीने में खर्च कर दी। चारों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया गया है।