बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरतला रोड में शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। महिला जनपद सदस्य के पति और पूर्व जनपद सदस्य राजेश साहू (40) पर जेसीबी से 12 शौचालयों के सेप्टिक टैंक तोड़ने और गौठान की लोहे की जाली व एंगल निकालकर ले जाने का आरोप है।
ग्राम पंचायत सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने राजेश साहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।ग्राम पंचायत सरपंच चंद्रहास चापिरा ने देवरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि साहेब तालाब के सामने वर्ष 2017-18 में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 1.44 लाख रुपए की लागत से 12 शौचालयों का निर्माण कराया गया था। वहीं, वर्ष 2020-21 में गौठान की चारागाह सुरक्षा के लिए 1.50 लाख रुपए की लागत से फेंसिंग तार और लोहे के एंगल लगाए गए थे।
जेसीबी से तोड़े सेप्टिक टैंक, जाली और एंगल निकालने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 7 नवंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे के बीच राजेश साहू ने जेसीबी से सभी 12 शौचालयों के सेप्टिक टैंक तोड़ दिए। साथ ही गौठान में लगी लोहे की जाली और एंगल भी निकालकर ले गया। सरपंच ने घटना से शासन को कुल 2.94 लाख रुपए का नुकसान होने का दावा किया है।
मामले में उपसरपंच भुनेश्वरी साहू, पंच निर्मला साहू और कमलेश ठाकुर सहित अन्य लोगों को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एलसीजी की धारा 3 और बीएनएस की धारा 324(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।