सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोहारडीह में सूने घर का ताला बंद होने का फायदा उठाकर चोरी की गई। घर से सोने के दो माला, चांदी का एक जोड़ी पायल और 30 हजार रुपए नकद चोरी हुए थे।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नाबालिग बालक को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का एक चांदी का पायल बरामद किया है।
मजदूरी करने गई थी महिला, शाम को घर लौटी तो मिली टूटी पेटी
ग्राम बोहारडीह निवासी मालाबाई चौहान (47) ने 25 नवंबर 2026 को डभरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे वह घर में ताला लगाकर मजदूरी करने डभरा गई थी। उसकी मां धीरज बाई चौहान भी दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने खरसिया गई थीं।शाम करीब 6 बजे मालाबाई घर लौटी तो अंदर रखी टीन की पेटी की कुंडी टूटी मिली। पेटी में रखे सोने के दो माला, एक जोड़ी चांदी का पायल और प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के 30 हजार रुपए गायब थे। सोने के एक माला में 9 और दूसरे में 7 फल लगे थे।
पूछताछ में सागर और बालक ने बताई चोरी की बात
रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 469/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थिया और गवाहों के बयान लिए। घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा भी तैयार किया।
जांच के दौरान सागर चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने बताया कि नोबेल चौहान से सूचना मिलने के बाद उन्होंने चोरी की थी। उनकी निशानदेही पर चोरी का एक चांदी का पायल बरामद किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, बालक की प्रक्रिया पूरी की
इसके बाद पुलिस ने नोबेल चौहान से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने भी चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद ग्राम बोहारडीह निवासी सागर चौहान (18) और नोबेल चौहान (26) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना दोनों आरोपियों के परिजनों को दी। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घर से 12 लीटर महुआ शराब और 100 किलो लाहन जब्त
सक्ती जिले के ग्राम साजाडेरा में आबकारी विभाग ने अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 12 लीटर महुआ शराब और आंगन में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 100 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
छद्म खरीदार भेजकर की शराब बिक्री की पुष्टि
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर जयश्री जैन के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी रत्नेश मरावी के मार्गदर्शन में 28 नवंबर को आबकारी टीम ने कार्रवाई की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ग्राम साजाडेरा पहुंची।
वार्ड क्रमांक 11 निवासी बुद्धेश्वर कंवर (38) के घर से महुआ शराब बेचने की शिकायत मिली थी। इसकी पुष्टि के लिए टीम ने पहले छद्म खरीदार भेजकर शराब खरीदी। बिक्री की पुष्टि होने के बाद आबकारी टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी।