रायगढ़ जिले में रविवार सुबह सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। रानीसागर रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवती को टक्कर मार दी। इसके बाद वह सड़क पर गिर गई और ट्रेलर के पहियों के नीचे सिर कुचलने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।
ट्रेलर छोड़कर फरार हुआ चालक
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्राम रानीसागर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से युवती स्कूटी से दूर जा गिरी। इसी दौरान ट्रेलर के पहियों के नीचे उसका सिर कुचल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर रायगढ़ चौक के पास पहुंचा और वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान मृतका की पहचान उकारीपाली निवासी सरस्वती के रूप में हुई।
मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग पर चक्काजाम
युवती की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। वे मृतका के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
चक्काजाम के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।