बिलासपुर में 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवाओं की मौत हो गई। कोनी क्षेत्र में बिना बैकलाइट और संकेतक के सड़क पर खड़े हाइवा में पिकअप जा घुसी।
वहीं, सिरगिट्टी क्षेत्र के सिलपहरी में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसों में पिकअप चालक और एक फोटोग्राफर की जान चली गई।
पहला हादसा शनिवार सुबह करीब 4 बजे कोनी थाना क्षेत्र के सेंदरी ओवरब्रिज पर हुआ। रायपुर से दवाइयां और पार्सल लेकर अंबिकापुर जा रही तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर खड़े हाइवा से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बिहार के सिवान निवासी चालक रवि पुरी (22) की मौके पर ही मौत हो गई।
कंपनी के सुपरवाइजर हरविंदर सिंह सलूजा ने बताया कि हाइवा की बैकलाइट बंद थी और उस पर कोई संकेतक भी नहीं लगा था। अंधेरा होने के कारण पिकअप चालक को हाइवा नजर नहीं आया।
कोनी पुलिस ने फरार हाइवा चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन दिन पहले रतनपुर के भरारी में भी सड़क पर खड़े ट्रक से टकराकर एक बाइक सवार की मौत हुई थी।
सिलपहरी में पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, फोटोग्राफर की मौत
दूसरा हादसा शुक्रवार को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी के पास एनएच-49 पर हुआ। बिल्हा के बरतोरी परसदा निवासी फोटोग्राफर योगेंद्र कौशिक (28) अपने दोस्त समीर कौशिक के साथ मस्तूरी से काम निपटाकर बाइक से गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में योगेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा समीर बाल-बाल बच गया। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है।