धीमी होती जा रही कोरोना की दूसरी लहर, लेकिन 24 घंटे में 4400 से अधिक मौतें

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। भारत में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार धीमी होती जा रही है। हाल के आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। कोरोना के रोज सामने वाले मामलों में आज भी कमी देखी गई है। बीते 24 घंटे में करीब 2.22 लाख केस सामने आए हैं। covid19india.org द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, कल करीब 3.02 लाख लोगों ने कोरोना को मात दी है। हालांकि मौत की संख्या जो सामने आई है, वह केंद्र और राज्य सरकारों को परेशान कर सकती है। बीते 24 घंटे में 4452 मरीजों की जान इस महामारी ने ले ली है।

covid19india.org द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 2,22,704 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना का आंकड़ा 2,67,51,681 हो गया है। आपको यह भी बता दें कि देश में इस समय 27,16,356 एक्टिव केस हैं।

हालांकि, कोरोना रिकवरी सुकून देने वाली है। बीते 24 घंटे में 3,02,083 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 2,37,20,919 लोगों ने इस वैश्विक महामारी को मात दे दी है। मृतकों की संख्या पर गौर करें तो अब तक 3,03,751 मरीजों की जान चली गई है।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें

देश में जिन 4,452 और लोगों की मौत हुई है, उनमें से 1,320 महाराष्ट्र में, 422 तमिलनाडु में, 624 कर्नाटक में, 189 दिल्ली में, 231 उत्तर प्रदेश में और पंजाब में 192 के अलावा पश्चिम बंगाल में 156 शामिल हैं।