रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की बिगड़ी हालत सुधारने के लिए आरएसएस ने तैयारी शुरू कर दी है। यही वजह है कि संघ प्रमुख के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में बड़ा आयोजन रखा गया है। नवंबर में तीन दिवसीय घोष वर्ग प्रशिक्षण शिविर और कार्यकर्ता सम्मेलन किया जा रहा है। इसमें सरसंघ चालक मोहन भागवत भी शिरकत करेंगे।
भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व मिशन 2023 की रणनीति बनाकर काम कर रहे हैं। इसके लिए युवाओं को जोड़ने के लिए एक बूथ 20 यूथ की तर्ज पर जिला, मंडल, बूथ और शक्ति केंद्रों में युवा कार्यकर्ता तैयार किए जा रहे हैं।
वहीं, भाजपा के सभी अनुषांगिक संगठन भी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं। इन सबसे अलग राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर्दे के पीछे से प्रदेश में भाजपा की स्थिति पर निगरानी रख रही है। इस बीच संघ के पदाधिकारियों के निर्देश पर संघ के स्वयंसेवक से लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राय भी ली गई है।