
बिलासपुर। जिले में 14 वर्षीय स्कूली छात्रा से रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने 14 वर्षीय स्कूली छात्रा से रेप की कोशिश की जिससे आत्मग्लानि में आकर स्कूली छात्रा ने घटना दिनांक को ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की जांच के दौरान पुलिस मामले का खुलासा होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है।
कोटा थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी 14 वर्षीय स्कूली छात्रा ने 4 दिन पहले घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान लड़की के परिजनों का बयान लेने पर लड़की के छोटे भाई ने बताया कि पीरपारा निवासी 20 वर्षीय मनीष नेताम पिता घासीराम नेताम पेशे से ट्रैक्टर चालक है और वह छात्रा पर गलत निगाह रखते हुए लगातार उसका पीछा कर परेशान करता था।
लड़की के परिजनों ने भी बताया कि स्कूल आते-जाते समय वह छात्रा को हमेशा छेड़ा करता था जिसकी शिकायत छात्रा ने अपने परिजनों से की थी जिस पर आरोपी ट्रैक्टर चालक को समझाइश भी दी गई थी। पर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। छात्रा के छोटे भाई ने पुलिस को बयान देते हुए बताया कि जिस दिन उसकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, उसी दिन घर में किसी के ना रहने पर मनीष उनके घर में जबरदस्ती घुस गया और बहन के साथ जबरजस्ती गलत काम करने की कोशिश की। पर छात्रा के शोर मचाने और चिल्लाने पर उसका छोटा भाई वहां पहुंच गया जिसके बाद आरोपी मनीष नेताम वहां से भाग गया था।
घटना के बाद से छात्रा बुरी तरह से सहम गई थी व उसे आत्मग्लानि हो रही थी। सम्भवतः इसीलिए ही उसने घटना के चंद घंटों बाद ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा के छोटे भाई व उसके परिजनों के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी 20 वर्षीय मनीष नेताम को आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।