
रायपुर। बजरंग दल के प्रदर्शन में एक प्रदर्शनकारी द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गाली देने का मुद्दा गरमाता जा रहा है। प्रदेश में अब कांग्रेसी बजरंग दल को बैन करने की मांग कर रहे हैं। सीएम को दी गई गाली के जवाब में कांग्रेसियों ने बजरंग दल वालों की सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड का पाठ किया।
राजीव गांधी चौक के हनुमान मंदिर के सामने कांग्रेस शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे, निगम सभापति प्रमोद दुबे, महापौर एजाज ढेबर समेत कई कांग्रेस नेता यहां सुंदरकांड का सामूहिक पाठ करने पहुंचे।
सुंदरकांड पाठ पर बोली बीजेपी – बजरंग दल से प्रेरणा लेने की जरूरत है
बीजेपी प्रवक्ता अमित साहू ने कहा, जिस बजरंग दल को बैन करने की बात कांग्रेसी कर रहे हैं, आज उन्हीं के बताए रास्ते पर चलकर हवन यज्ञ कर रहे हैं। ये अच्छी बात है ।उनसे कांग्रेसी लगातार प्रेरणा लेते रहे हैं इसलिए उनके मार्ग पर चल रहे हैं। साहू ने कहा कि जो संस्था सनातन धर्म की रक्षा का काम करती है। उसे बैन नहीं बल्कि उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है।
ट्वीट कर सीएम ने कहा – धर्म की आड़ में इन लोगों ने हमारे बच्चों को क्या बना दिया
रायपुर में हुए बजरंग दल के दौरान एक प्रदर्शनकारी द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गाली दिए जाने का वीडियो सीएम ने खुद ट्वीट करके इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रदर्शनकारी लड़के का वीडियो शेयर कर भूपेश बघेल ने लिखा है कि भगवान राम का नाम लेने से परहेज कर रहा ये बच्चा मुझे गाली दे रहा है,यह बजरंग दल का सदस्य है। धर्म की आड़ में इन लोगों ने हमारे बच्चों को क्या बना दिया है देखिए। मैं इस बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। ईश्वर सभी बच्चों को हनुमान जी की तरह ज्ञानवान और बलवान बनाए।
बुधवार को राजधानी के भगत सिंह चौक में विश्व हिन्दू परिषद् और बजरंग दल का एक प्रदर्शन चल रहा था। जिसमें कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र में PFI की तर्ज पर बजरंग दल को बैन करने का ऐलान किया गया है। इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में जमकर सियासत हो रही है।
रायपुर में भी इसको लेकर विश्व हिन्दू परिषद् और बजरंग दल के कार्यकर्ता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन करने पहुंचे थे और सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो भी इसी प्रदर्शन का बताया जा रहा है।