एमसीडी चुनाव में AAP ने लहराया परचम, केजरीवाल बोले- PM मोदी के सहयोग से विकास करेंगे

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) में पिछले 15 साल से काबिज भाजपा का पत्ता साफ हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने यहां भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। स्टेट इलेक्शन कमिशन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, AAP ने 134 सीटें जीत ली हैं। भाजपा को 104 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 9 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है।

MCD की 250 वार्ड के लिए 4 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 126 है। आप की जीत पर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को बधाई दी। पार्टी ऑफिस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- दिल्ली की जनता ने अपने बेटे और भाई को दिल्ली की सफाई और भ्रष्टाचार खत्म करने की जिम्मेदारी दी है। हम पीएम मोदी के सहयोग से विकास करेंगे।

पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोला है। सिंह ने कहा- अरविंद केजरीवाल कट्‌टर ईमानदार हैं लोगों ने ईमानदार को जिताया है। भाजपा के किले को ध्वस्त करने का काम केजरीवाल ने किया। भाजपा अभी भी कह रही है मेयर हमारा होगा, जबकि उनकी 20-25 सीटें कम हैं। भाजपा खोखा पार्टी है। दिल्ली का मेयर भी हमारा होगा।

आम आदमी पार्टी ने झाड़ू चलाने का काम किया है। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी वालों 17 केंद्रीय मंत्री और 8 मुख्यमंत्री दिल्ली में लगाए फिर भी जनता ने केजरीवाल को जिताया है। यह बहुत बड़ी जीत है।

वहीं, केजरीवाल सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आज दिल्ली के लोगों ने इतिहास रचा है। दिल्ली से नई शुरुआत हुई है। बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी। अब तक भाजपा कहती रही है कि केजरीवाल तो कांग्रेस को हराती है। लेकिन दिल्ली ने दिखा दिया कि भ्रष्टाचार का एक ही काल है। वह है केजरीवाल।