आकाश शर्मा बने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष; साक्षात्कार के बाद मिली नियुक्ति

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राष्ट्रीय युवा कांग्रेस ने आकाश शर्मा को छत्तीसगढ़ में संगठन का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। आकाश शर्मा ने पिछले महीने 71% से अधिक वोट हासिल कर युवा कांग्रेस का चुनाव जीता था। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक साक्षात्कार के बाद आकाश को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया। इस चुनाव में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे आशीष मोनू अवस्थी और मानस सुमन पाण्डेय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

युवा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्ति से पहले संगठन ने मतदान और साक्षात्कार की प्रक्रिया तय की थी। संगठन ने चुनाव में अध्यक्ष पद के तीनों उम्मीदवारों को दिल्ली बुलाया। वहां युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने तीनों नेताओं का अलग-अलग साक्षात्कार लिया। इस दौरान संगठन को लेकर इन नेताओं की योजना पूछी गई। लंबी बातचीत के बाद आकाश शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे दी गई है। वहीं आशीष मोनू अवस्थी और मानस सुमन पाण्डेय को उपाध्यक्ष बनाकर संगठन में नया जोश पैदा करने की जिम्मेदारी दी गई।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने बताया, जिम्मेदारी मिलते ही उनका काम शुरू हो गया है। वे जल्दी ही संगठन को बूथ स्तर तक ले जाने की पूरी कार्ययोजना के साथ मैदान में उतरेंगे। यह उनकी जिम्मेदारी है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की अच्छी योजनाओं को लोगों के बीच लेकर जाएं। युवाओं को संगठन से जोड़ें और अगले वर्ष होने वाले चुनाव में जीत में उनकी भूमिका तय करें। आकाश शर्मा ने कहा, उन्हें वरिष्ठों का भी मार्गदर्शन मिल रहा है। युवा कांग्रेस में आकाश शर्मा ने पूर्णचंद कोको पाढ़ी की जगह ली है। पाढ़ी को केंद्रीय संगठन में जगह दी गई है।