पुलिसकर्मियों की पिटाई करने वाले जुआरी की पुलिस ने निकली जुलुस

Chhattisgarh Crimes

बलौदाबाजार-भाटापारा। जुआ पकड़ने गए पुलिसकर्मियों पर रसूखदार जुआरी ने हमला कर दिया। उसने टीम में शामिल दो पुलिस वालों की पिटाई कर दी। इस दौरान अफरा तफरी के माहौल में अन्य जुआरी भाग निकले। एसएसपी दीपक झा ने मामला संज्ञान में आने के बाद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद विभिन्न धाराओं में पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर नगर में जुलूस निकाला। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर को शाम लगभग 7 बजे पलारी पुलिस को सूचना मिली कि पलारी नगर के ठाकुरदेव चौक में जुआ चल रहा है। जिस पर एएसआई एसएन कुर्रे के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक त्रिलोकी बघेल व पलारी थाने से पुलिस बल मौके के लिए रवाना हुआ। मौके पर जुआरियों के साथ बालसमुंद रोड पलारी स्थित जायसवाल ढाबा का संचालक गोविंद जायसवाल भी जुआ खेल रहा था। वह पुलिसकर्मियों को अपने ऊंचे पहुँच की धौस दिखाने लगा। और प्रधान आरक्षक त्रिलोकीनाथ बघेल व आरक्षक देवेंद्र पुरैना के साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट कर दी। साथ ही टीम में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को भी आरोपी गोविंद जायसवाल द्वारा बार बार देख लेने व बदला लेने की धमकी दे रहा था। इस गहमा गहमी में बाकी जुआरी भी भाग निकले।

आरोपी के खिलाफ पलारी थाने में शासकीय कार्य मे बाधा, गाली गलौच व अन्य धाराओं (186,353, 332, 294) में अपराध दर्ज किया गया। मामले के संज्ञान में आने पर एसएसपी दीपक झा ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिसके बाद टीआई प्रमोद सिंह ने आज आरोपी गोविंद जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी घमंडी प्रकृति का है और अक्सर लोगो को भी अपने ऊंची पहुँच की धौस दिखाता रहता है। गिरफ्तारी के बाद उसकी अकड़ निकालने व उसके कृत्यों से नगरवासियों को अवगत करवाने डीएसपी अभिषेक सिंह व टीआई प्रमोद सिंह के नेतृत्व में आरोपी के हाथों में हथकड़ी लगा कर पुलिस ने उसका शहर में पैदल जुलूस निकाल कर उसे न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपी:- गोविंद जयसवाल उम्र 31 वर्ष पिता समारू जायसवाल निवासी वार्ड क्रमांक 13 पलारी थाना पलारी