बस्तर की बेटी नैना सिंह धाकड़ को मिला लैंड एडवेंचर पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। माउंट एवरेस्ट की फतह हासिल करने वाली छत्तीसगढ़ के बस्तर की बेटी नैना सिंह धाकड़ लैंड एडवेंचर अवॉर्ड से नवाजी गई है। 30 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों नैना को यह पुरस्कार मिला है। नैना को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र समेत 15 लाख रुपए भी दिए गए हैं। नैना CG की पहली बेटी है जिन्हें इस पुरस्कार से नवाजा गया है। नैना के अलावा शुभम धनंजय वनमाली को वाटर एडवेंचर और ग्रुप कैप्टन कुंवर भवानी सिंह सम्याल को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया है।

दरअसल, नैना सिंह धाकड़ बस्तर के एकटागुड़ा की रहने वाली हैं। नैना करीब 10 साल से पर्वतारोहण में सक्रिय हैं। नैना ने दुनिया की सबसे ऊंची माउंट एवरेस्ट में करीब 8848.86 मीटर की चढ़ाई कर नया कीर्तिमान रचा था। इसके साथ ही दुनिया की चौथी सबसे ऊंची चोटी लोत्से पर 8516 मीटर की चढ़ाई की थी। नैना छत्तीसगढ़ की पहली बेटी है जिन्होंने इस कामयाबी को हासिल किया है। इन दोनों चोटियों पर तिरंगा लहराया था। साथ ही ‘बेटी बचाव, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश भी दिया था। छत्तीसगढ़ की इस धाकड़ बेटी को आज पर्वतारोही के नाम से भी जाना जाता है।