बस्तर में पुलिस और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़, 18 नक्सली ढेर : सुरक्षाबलों ने 25 लाख के इनामी कमांडर शंकर को भी मार गिराया, दस AK47-LMG बरामद

Chhattisgarh Crimes

कांकेर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के कल्पर के जंगलों में नक्सलियों के साथ मंगलवार को सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में 18 नक्सलियो की मारे जाने की खबर है। इनमें 25 लाख का ईनामी नक्सली कमांडर शंकर राव के भी मारे जाने की खबर है। साथ ही नक्सली कमाण्डर ललिता के भी ढेर होने की खबर है। बताया जा रहा है कि, मारे गए सभी नक्सली बड़े केडर के थे। इस मुठभेड़ को नक्सलियों के लिए तगड़ा झटका माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि, सुरक्षाबलों ने चार AK 47 रायफल के साथ इंसास रायफल बरामद करने का दावा किया है। वहीं इस मुठभेड़ में बीएसएफ़ के इंस्पेक्टर समेत सुरक्षाबलों के दो जवानों के घायल होने की भी खबर है।

घंटेभर चली मुठभेड़, बेकअप पार्टी भेजी गई

मिली जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के छोटे बेठिया के माड़ इलाके में मंगलवार की दोपहर बाद लगभग एक घंटे तक पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चली। पुलिस ने दावा किया है कि एनकाउंटर में कई नक्सली मारे गए हैं। वहीं दो जवान घायल हुए हैं। इसकी पुष्टि कांकेर एसपी आई के एलेसेला ने की है। एसपी में बताया कि, मुठभेड़ में घायल जवानों को जंगल से निकालने के लिए सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ी रवाना कर दी गई है।

पहले चरण में है बस्तर में वोटिंग, कांकेर में दूसरे चरण में डलेंगे वोट

उल्लेखनीय है कि, लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबल बस्तर संभाग में अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। गश्त भी बढ़ा दी गई है। कांकेर लोकसभा में दूसरे चरण में मतदान होना है। इसके लिए नामांकन फॉर्म भी भरे जा चुके हैं। कांकेर में 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं तीन दिन बाद 19 अप्रैल को बस्तर लोकसभा में वोटिंग होनी है। इसके लिए मतदान दलों की रवानगी भी शुरू हो चुकी है।