जमीन विवाद में दो परिवारों में खूनी संघर्ष; 2 सगे भाइयों की हत्या

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। बस्तर में जमीन विवाद के चलते मंगलवार को दो परिवारों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान 2 सगे भाइयों की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने दोनों को कुल्हाड़ी से काट डाला। सूचना मिलने पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, इरिकपाल गांव निवासी योगेश कश्यप और चंद्रशेखर कश्यप का गांव में रहने वाले एक अन्य परिवार से जमीन को लेकर कई साल से विवाद चल रहा था। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच आए दिन मारपीट और लड़ाई-झगड़ा होता था। मंगलवार दोपहर भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

दूसरे पक्ष के लोग योगेश के घर पहुंच गए। विवाद इतना बढ़ा कि घर वालों पर हमला कर दिया गया। योगेश और उसके भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। मामले की जानकारी लगते ही एसपी शलभ सिन्हा समेत पुलिस की टीम घटना स्थल पहुंची।

एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के बाद गांव में और बवाल न हो, इसलिए जवानों को तैनात कर दिया गया है। एसपी शलभ सिंह ने बताया कि, जमीन विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच बवाल हुआ है। दो लोगों की हत्या हुई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी 5 से 6 लोगों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा।