मिजोरम के साथ सीमा विवाद ने लिया हिंसक रूप, आज असम पुलिस के 6 जवानों की गई जान

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर के दो राज्यों असम और मिजोरम के बीच सीमा पर जारी हिंसा में असम पुलिस के छह जवानों की जान चली गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ट्विट करते हुए कहा ‘मुझे यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक बॉर्डर की रक्षा करते हुए असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना।’

बता दें कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को मिजोरम के अपने समकक्ष ज़ोरमथांगा से पूर्वोत्तर के दो राज्यों के बीच सीमा पर जारी हिंसा को लेकर बात की और मतभेदों को दूर करने के लिए आइजोल के दौरे का प्रस्ताव रखा है। दोनों मुख्यमंत्री ट्विटर पर आमने-सामने हो गए थे, जब उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिकायत की थी, जिन्होंने शनिवार को शिलांग में पूर्वोत्तर राज्यों के बीच सीमा विवाद पर एक बैठक की थी।

सरमा ने मिजोरम के सीएम से की बात

सरमा ने ट्वीट किया, ‘मैंने अभी माननीय मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा जी से बात की। मैंने दोहराया कि असम हमारे राज्य की सीमाओं के बीच यथास्थिति और शांति बनाए रखेगा। मैंने आइजोल जाने और जरूरत पड़ने पर इन मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा व्यक्त की है। शुरुआत में असम पुलिस ने दावा किया कि दिन के दौरान कछार जिले में मिजोरम की ओर से उपद्रवी तत्वों द्वारा किए गए पथराव में उसके कम से कम छह कर्मी घायल हो गए हैं, लेकिन अब खुद मुख्यमंत्री ने छह जवानों की मौत की बात कही है।