राजधानी के माधवराव सप्रे उत्कृष्ट हिंदी मीडियम स्कूल, बूढ़ापारा में 12वीं के कॉमर्स और आर्ट्स के छात्रों को शिक्षक नहीं होने के कारण दूसरे स्कूल में प्रवेश लेने की सलाह दे दी गई।
जानकारी के अनुसार पिछले शैक्षणिक सत्र में स्कूल ने 12वीं कक्षा में कॉमर्स और आर्ट्स विषय में छात्रों का प्रवेश लिया था। उस समय जिला खनिज न्यास (DMF) फंड से शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी।
लेकिन 16 जून को नया सत्र शुरू होने पर इन विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में स्कूल प्रबंधन ने छात्रों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेकर दूसरे स्कूल में प्रवेश लेने की सलाह दी।
छात्रों ने किया विरोध
शिक्षकों की कमी की जानकारी मिलने पर छात्र नाराज हो गए। उनके समर्थन में एनएसयूआई कार्यकर्ता भी पहुंच गए। छात्र नेता हेमंत पाल के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन किया और शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की मांग की।