छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार सुबह मुंबई की महिला बाइकर की सड़क हादसे में मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार सुबह मुंबई की महिला बाइकर की सड़क हादसे में मौत हो गई। महिला बाइकर की पहचान रिद्धि ठक्कर (24) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक रायपुर से 23 राइडर्स का दल बस्तर जा रहा था। धमतरी से 20 किमी दूर NH-30 पर मरकाटोला घाटी के पास रिद्धि ट्रेलर की चपेट में आ गई।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। साथी बाइकर्स और स्थानीय लोगों की मदद से रिद्धि को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर धमतरी रेफर किया गया था। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार है। मामला पुरूर थाना क्षेत्र का है।

अस्पताल में डॉक्टर्स ने किया मृत घोषित

धमतरी के अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने रिद्धि को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर रामू रोहरा अस्पताल पहुंचे और महिला बाइकर्स से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया। शव को मुंबई भेजने की तैयारी की जा रही है।

बस्तर जा रहा था बाइकर्स का दल

जानकारी के अनुसार 12 अगस्त की सुबह 23 राइडर्स का समूह रायपुर से कांकेर की ओर रवाना हुआ था। 3 लोग कार में सवार थे। वहीं सभी बाइकर्स एक साथ यात्रा कर रहे थे। धमतरी पार करने के बाद करीब 17 बाइक राइडर्स आगे निकल गए, जबकि 3 राइडर्स कुछ दूरी पीछे रह गए।

इसी दौरान पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरकाटोला घाट के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे ट्रेलर ने पीछे चल रही रिद्धि ठक्कर की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिद्धि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसे के तत्काल बाद साथ चल रहे बाइक राइडर्स और स्थानीय लोगों ने घायल रिद्धि की मदद की। डायल-112 की सहायता से उन्हें उपचार के लिए चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर्स ने उन्हें तत्काल धमतरी के जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन तब तक रिद्धि की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।